अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर चला बुलडोजर, फुटपाथ से हटाया गया अस्थायी ढांचा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-11-2026
Bulldozers run outside Abhishek Banerjee's residence, temporary structure removed from footpath
Bulldozers run outside Abhishek Banerjee's residence, temporary structure removed from footpath

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास के बाहर बृहस्पतिवार को नगर निकाय ने बुलडोजर चलाकर फुटपाथ पर बना बांस का अस्थायी ढांचा हटा दिया। अधिकारियों ने पैदल यात्रियों की आवाजाही में कथित बाधा बन रहे लोहे के गेट को भी गैस कटर से काटकर हटा दिया।
 
यह कार्रवाई बनर्जी के 121, कालीघाट रोड स्थित आवास के बाहर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। इस दौरान कोलकाता पुलिस और केंद्रीय बलों के जवान तैनात थे। नगर निकाय के कर्मचारियों ने पहले बुलडोजर से ढांचे को गिराया और फिर बांस के खंभे हटाकर फुटपाथ खाली कराया।
 
यह ढांचा विवाद का विषय बना हुआ था। टीएमसी का कहना था कि इसे पश्चिम बंगाल सुरक्षा निदेशालय ने बनर्जी को जेड-प्लस सुरक्षा मिलने के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों के लिए बनवाया था। पार्टी ने इसे सांसद द्वारा कराया गया अनधिकृत निर्माण मानने से इनकार किया था।
 
टीएमसी प्रवक्ता अर्का नाग ने बुधवार को कहा था कि अतिरिक्त सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद ढांचे की जरूरत नहीं रह गई थी और बनर्जी की ओर से इसे हटाने की व्यवस्था की जा रही थी। उनके कार्यालय के कर्मचारियों ने बुधवार को इसे हटाना भी शुरू कर दिया था।
 
विवाद बुधवार को तब और बढ़ गया, जब बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी वाहनों के जरिये उनके आवास के बाहर निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया था। टीएमसी ने दावा किया था कि पुलिसकर्मी ढांचा हटवाने के लिए वहां पहुंचे थे।
 
स्थानीय लोगों ने भी ढांचे पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि इससे फुटपाथ पर पैदल चलने वालों को परेशानी होती थी और उन्हें भीड़भाड़ वाली सड़क से गुजरना पड़ता था।