रैपर से नेता बने ‘बालेन’ ने नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-03-2026
Rapper-turned-politician 'Balen' sworn in as Nepal's 47th Prime Minister
Rapper-turned-politician 'Balen' sworn in as Nepal's 47th Prime Minister

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
नेपाल में ‘जेन जेड’ के विरोध प्रदर्शन के कारण के पी शर्मा ओली नीत सरकार के सत्ता से अपदस्थ होने के छह महीने बाद, बालेंद्र शाह ‘बालेन’ ने नेपाल के लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में शुक्रवार को शपथ ली।
 
रैपर ने नेता बने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के 35 वर्षीय नेता ने शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में अपराह्न 12 बजकर 34 मिनट के ‘शुभ मुहूर्त’ में शपथ ली।
 
बालेन नेपाल के प्रधानमंत्री का पद संभालने वाले सबसे युवा नेता हैं और वह कार्यपालिका का शीर्ष पद संभालने वाले मधेश क्षेत्र के पहले व्यक्ति भी हैं।
 
उन्हें राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने संविधान के अनुच्छेद 76 (1) के अनुसार 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शुक्रवार को नियुक्त किया।
 
बालेन पूर्व प्रधानमंत्री ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के पिछले साल सितंबर में सत्ता से बेदखल होने के बाद शपथ लेने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित पहले प्रधानमंत्री हैं। भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व वाला ‘जेन-जेड’ विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया था जिसके बाद ओली सरकार को अपदस्थ होना पड़ा।
 
बालेन के शपथ ग्रहण समारोह में हिंदू और बौद्ध धार्मिक परंपराओं का अनोखा संगम देखने को मिला। समारोह में विस्तृत धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इस दौरान सात ब्राह्मणों ने शंखनाद किया, 108 हिंदू बटुकों या युवा ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण किया या स्वस्ति वाचन किया और 107 लामाओं ने मंगल वाचन अथवा बौद्ध धर्मग्रंथों का पाठ किया।