Rann Samvad-2026: Air Force officers call for adopting multi-domain warfare system
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने आधुनिक युद्ध की तेजी से बदलती प्रकृति के बीच बहु-क्षेत्रीय अभियान (एमडीओ) प्रणाली अपनाने की तत्काल जरूरत पर शुक्रवार को जोर दिया।
बेंगलुरु में आयोजित दो दिवसीय ‘रण संवाद-2026’ संगोष्ठी के समापन के अवसर पर हुए विचार-विमर्श में पारंपरिक, साइबर, अंतरिक्ष और संज्ञानात्मक क्षेत्रों में फैले युद्धक्षेत्र के विस्तार और अभियानों की प्रभावशीलता एवं राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्षमताओं के निर्बाध एकीकरण की जरूरत को रेखांकित किया गया।
वायु सेना के उप प्रमुख एयर मार्शल नागेश कपूर ने कहा, ‘‘रण संवाद, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष के स्तर पर एकदम उचित समय पर की गई उपयुक्त पहल है।’’
उन्होंने भविष्य की सैन्य सोच को दिशा देने में इस मंच के महत्व को रेखांकित किया।
कपूर ने कहा कि इस संगोष्ठी का विषय मौजूदा रणनीतिक वास्तविकताओं के बिल्कुल अनुरूप है और यह तीनों सेनाओं के बीच सामूहिक कार्रवाई की जरूरत पर जोर देता है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज जो हम देख रहे हैं, उसके लिहाज से यह विषय पूरी तरह प्रासंगिक है। सभी को साथ आकर बहु-क्षेत्रीय अभियानों को सक्षम बनाना होगा और उन्हें अमल में लाना होगा।’’