झारखंड राज्यसभा चुनाव: झामुमो के बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा ने दाखिल किया नामांकन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-06-2026
Ram of JMM and Pranav Jha of Congress filed their nominations.
Ram of JMM and Pranav Jha of Congress filed their nominations.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने राज्य की दो राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सोमवार को अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
 
इन सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होना है।
 
दोनों उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सत्तारूढ़ गठबंधन के कई अन्य विधायकों की उपस्थिति में झारखंड विधानसभा में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
 
अधिकारियों ने बताया कि नामांकन पत्र विधानसभा सचिव रंजीत कुमार के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
 
दोनों उम्मीदवारों ने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए दावा किया कि वे दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेंगे, क्योंकि सत्तारूढ़ गठबंधन के पास चुनाव जीतने के लिए आवश्यक संख्या बल मौजूद है।
 
राज्य की दो राज्यसभा सीटों में से एक सीट झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई है। वहीं दूसरी रिक्ति भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य दीपक प्रकाश का छह साल का कार्यकाल 21 जून को समाप्त होने के कारण हो रही है।
 
इस चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया एक जून को शुरू हुई थी, जबकि चुनाव 18 जून को होगा।
 
जीत के लिए किसी भी उम्मीदवार को प्रथम वरीयता के न्यूनतम 28 मत हासिल करने की आवश्यकता होती है।
 
झारखंड विधानसभा में विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के पास कुल 56 सदस्य हैं, जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राष्ट्रीय जनता दल के चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन के दो विधायक शामिल हैं।
 
दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास 24 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 21 और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), आजसू पार्टी एवं जनता दल (एकीकृत) के एक-एक विधायक शामिल हैं। इसके अलावा, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के पास एक विधायक है।