Rajasthan: Uproar in the House over the increase in LPG cylinder prices, Congress MLAs walk out
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को घरेलू व वाणिज्यिक रसोई गैस के सिलेंडर की कीमत बढ़ने का मुद्दा उठा और इस दौरान विपक्षी कांग्रेस ने नारेबाजी की और सदन से बहिर्गमन किया।
कांग्रेस विधायक अमित चाचाण ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “सरकार ने महंगाई से आम आदमी की कमर तोड़ने का काम किया है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपये व वाणिज्यिक गैस के दाम लगभग 110 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। इससे प्रत्येक परिवार प्रभावित होगा... सरकार न जवाबदेह है और न जिम्मेदार... जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है।”
उन्होंने कहा कि सरकार को 'सब्सिडी' देकर जनता को राहत देनी चाहिए थी। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस मुद्दे पर सरकार से जवाब देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि लोग परेशान हैं, होटल, रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं, ऐसे में सरकार को बताना चाहिए कि वह सिलेंडर के दाम कम करेगी या नहीं? कांग्रेस विधायकों ने कुछ देर नारेबाजी व हंगामा करने के बाद सदन से बहिर्गमन किया।
इससे पहले प्रश्नकाल में भी इस मुद्दे को लेकर जूली व खाद्य मंत्री सुमित गोदारा के बीच नोकझोंक हुई। एक तारांकित प्रश्न के दौरान जूली ने पूरक प्रश्न पूछते हुए कहा, “रसोई गैस के दाम बढ़े हैं ...ऐसे में सरकार सिलेंडर के बढ़े हुए दाम की सब्सिडी अपनी तरफ से देकर राजस्थान की जनता को राहत देना चाहती है या नहीं है।'
खाद्य मंत्री गोदारा ने कहा, “हमारी सरकार पुरजोर प्रयास कर रही है कि आम लोगों को ज्यादा परेशानी न हो। भारत व राजस्थान सरकार रसोई गैस की कमी नहीं होने देंगी।”
कांग्रेस विधायकों के हंगामे के बीच अध्यक्ष ने अगला प्रश्न लिया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी।