राजस्थान पुलिस का सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान, 4869 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-06-2026
Rajasthan Police's special campaign on road safety, action taken against 4869 vehicles
Rajasthan Police's special campaign on road safety, action taken against 4869 vehicles

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
राजस्थान पुलिस ने सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य में विशेष सघन प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। इसके तहत एक ही दिन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 4,869 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

इस अभियान के तहत मोटरयान अधिनियम एवं केंद्रीय मोटरयान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।
 
राज्य के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर यह विशेष अभियान 30 जून तक चलेगा।
 
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के पहले तीन दिन में वाहन चालकों एवं मालिकों को जागरूक किया गया और इसके बाद नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की गर्ई।
 
शुक्रवार को इसके तहत छह प्रमुख श्रेणियों में कुल 4,869 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 2,246 वाहन काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) लगे होने पर चिन्हित किए गए तो 1,372 वाहन नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह प्रदर्शित करते पाए गए। इसी तरह 512 वाहनों के खिलाफ अवैध संरचनात्मक परिवर्तन (मॉडिफिकेशन) करने, 313 वाहनों के खिलाफ अनधिकृत शब्द, चिन्ह लिखे होने व 214 वाहनों के खिलाफ अवैध लाल-नीली बत्ती तथा हूटर का उपयोग करने पर कार्रवाई की गई।
 
मीणा ने कहा कि वाहनों में अवैध बदलाव (मॉडिफिकेशन), काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न, अनधिकृत बत्तियां एवं नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाना न केवल कानून का उल्लंघन हैं बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी उत्पन्न करते हैं। ऐसे मामलों में पूरे जून माह के दौरान लगातार विशेष जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।