Rajasthan: Mini bus falls into 15-foot-deep drain on Delhi-Mumbai Expressway, eight people killed
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब छह बजे 23 यात्रियों को लेकर जा रही एक मिनी बस के 15 फुट गहरे नाले में गिरने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घायलों में से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उसने बताया कि ऐसी आशंका है कि चालक को झपकी आ गई थी जिसके कारण वाहन आठ लेन वाली सड़क से नाले में गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आपात कर्मियों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया लेकिन नाले में जमा कीचड़ और पानी के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं।
पुलिस के मुताबिक, क्षतिग्रस्त मिनी बस को बाहर निकालने और उसमें फंसे यात्रियों को बचाने के लिए क्रेन की मदद ली गई।
कोटा (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि ज्यादातर यात्री मध्यप्रदेश के भोपाल और बैतूल जिलों के थे।
उन्होंने बताया कि वे राजस्थान में चार से पांच दिन की तीर्थयात्रा पर आए थे।
अधिकारी ने बताया कि यात्रा शुक्रवार शाम भोपाल से शुरू हुई थी।