Bhagwat to interact with 'Gen-G' volunteers during three-day visit to Madhya Pradesh
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत 24 अक्टूबर से मध्य प्रदेश के जबलपुर के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह महाकौशल प्रांत के महाविद्यालयों में पढ़ने वाले युवा स्वयंसेवकों के शिविर को संबोधित करेंगे।
आरएसएस के प्रांत प्रचार प्रमुख विनोद कुमार ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भागवत 25 अक्टूबर को ‘जेन-जी’ स्वयंसेवकों के शिविर को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वह स्थानीय पदाधिकारियों और प्रांत की कार्यकारी टीमों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें भी करेंगे।
उन्होंने बताया कि आरएसएस के मध्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महाकौशल प्रांत में 38 राजस्व जिले शामिल हैं। इसके संभागीय मुख्यालय जबलपुर, सागर और रीवा में स्थित हैं।
कुमार ने बताया कि भागवत 24 अक्टूबर को स्थानीय प्रमुख पदाधिकारियों, मुख्य शिक्षकों और शहर स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अपने दौरे की शुरुआत करेंगे। इस दौरान संगठन के आंतरिक मामलों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि भागवत का दौरा 26 अक्टूबर को महाकौशल प्रांत की कार्यकारी समिति और संभागीय टीमों के सदस्यों के साथ बैठक के बाद समाप्त होगा। बैठक में संगठन के कामकाज, गतिविधियों और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
आरएसएस ने पिछले कुछ महीनों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शनों के बाद युवाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने के प्रयास तेज किए हैं। संगठन ‘जेन-जी’ (लगभग 1997 से 2012 के बीच जन्मे लोग) और ‘जेन अल्फा’ (2013 से 2025 के बीच जन्मे लोग) पर विशेष ध्यान दे रहा है।