आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बृहस्पतिवार को बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार समारोह में शामिल होंगे । राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, मोदी पूर्वाह्न करीब 11:35 बजे पटना हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से गांधी मैदान जाएंगे, जहां समारोह का आयोजन होना है। हवाई अड्डे से समारोह स्थल की दूरी करीब छह किलोमीटर है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री के काफिले को हवाई अड्डे से समारोह स्थल तक पहुंचने में करीब 30 मिनट लगेंगे। सड़कों के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है ताकि लोग खड़े होकर उनका अभिवादन कर सकें।’’
इस समारोह को भाजपा बिहार में पहली बार अपने नेतृत्व में सरकार चलाने की उपलब्धि के रूप में देख रही है। हिंदी पट्टी के इस महत्वपूर्ण राज्य में सत्ता का नेतृत्व भाजपा को पिछले महीने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद मिला।
भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, ‘‘यह निश्चित रूप से सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन पार्टी के लिए यह विशेष महत्व का अवसर भी है। इसलिए हम भी अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं कि समारोह भव्य रूप से सफल हो।’’
भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पिछले महीने पार्टी नेता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ अपेक्षाकृत सादे समारोह में हुई थी, लेकिन अब पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़ती राजनीतिक मजबूती और असम में पार्टी की पकड़ मजबूत होने से कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ गया है।
हालांकि, पार्टी सूत्रों ने स्वीकार किया कि पिछले कुछ दिनों से पटना में रुक-रुक कर हो रही बारिश और आंधी-तूफान समारोह को लेकर चिंता का विषय बने हुए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महासचिव बी एल संतोष बुधवार रात से ही पटना में मौजूद हैं।