Rajasthan Chief Minister directs protection of religious sites in Govardhan Parikrama area
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया और उनके संरक्षण व सौंदर्यकरण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शर्मा ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर डीग के पूंछरी में संत-महंतों एवं गुरुओं का सम्मान-अभिनंदन किया। उन्होंने श्रीनाथजी मंदिर परिसर में आयोजित गुरु वंदन कार्यक्रम में संत-महंतों को शॉल-दुपट्टा ओढ़ाकर और श्रीफल भेंट करके उनका आशीर्वाद लिया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीनाथजी एवं परिक्रमा मार्ग पर स्थित मुकुट मुखारविंद का पंचामृत से अभिषेक किया।
उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की तथा देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण के लिए कामना की।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह को गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र के जतीपुरा स्थित श्री वन बिहारी जी मंदिर में भी दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्री अष्ट सखा गोविंद स्वामी जी बैठक और अष्ट द्वार के साथ ही ऐतिहासिक ऐरावत कुंड का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को मंदिर परिसर, बैठक स्थल और ऐरावत कुंड के जीर्णाद्धार, सौंदर्यकरण एवं समुचित संरक्षण को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भरतपुर के सेवर में लुधावई स्थित बड़ा हनुमान मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना की। यहां भी उन्होंने संत-महात्माओं का सम्मान किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने बड़ा हनुमान मंदिर परिसर के निकट जनसुनवाई की।