बीरभूम में बालू माफिया के ठिकाने पर छापा: 15 किलो सोना और 5.5 करोड़ रु नकद जब्त

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-07-2026
Raid on sand mafia hideout in Birbhum: 15 kg gold and Rs 5.5 crore cash seized
Raid on sand mafia hideout in Birbhum: 15 kg gold and Rs 5.5 crore cash seized

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को बताया कि राज्य के बीरभूम जिले में एक संदिग्ध बालू माफिया के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 15 किलो सोना और 5.5 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं।

शुभेंदु ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र के एक परिसर में यह छापेमारी की गई।
 
उन्होंने बालू माफिया की पहचान टुलू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के रूप में की और कहा कि नकदी की गिनती अब भी जारी है।
 
शुभेंदु ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बालू माफिया पर इस कार्रवाई के लिए हमारे कानून प्रवर्तन कर्मियों द्वारा किया गया काम सराहनीय है।’’
 
उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध रूप से जमा की गई संपत्ति बरामद हुई है।
 
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार और संगठित अपराध के खिलाफ अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार ‘‘भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त न करने की नीति’’ के साथ अपना अभियान जारी रखेगी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह पूरी तरह से साफ होना चाहिए कि दागदार अतीत वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, जिसने सार्वजनिक संसाधनों के दोहन और तत्कालीन सत्तारूढ़ राजनीतिक दल के साथ सांठगांठ करके संपत्ति बनाई है।’’
 
शुभेंदु ने जोर देकर कहा कि सार्वजनिक संसाधनों को लूटने में शामिल लोगों को कानून के कड़े कदम का सामना करना पड़ेगा और माफिया सिंडिकेट पर कार्रवाई जारी रहेगी।