Raj Thackeray and Shinde met for the first time after the Mumbai civic elections.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को यहां महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी।
शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक पदाधिकारी ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब मनसे के कुछ नेताओं ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव में शिवसेना (उबाठा) से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई है।
मनसे नेता ने उपमुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास 'नंदनवन' में शिंदे से मुलाकात की।
पिछले महीने बीएमसी के चुनाव में ठाकरे परिवार के चचेरे भाई राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे करीब दो दशक बाद एक मंच पर नजर आए थे, लेकिन नतीजों से उनकी उम्मीदों को झटका लगा।
बीएमसी की सत्ता पर लंबे समय से कायम ठाकरे परिवार के नेतृत्व वाली अविभाजित शिवसेना का लगभग तीन दशक पुराना वर्चस्व इस बार समाप्त हो गया और भारतीय जनता पार्टी ने बीएमसी पर कब्जा कर लिया।