आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
एक नए परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से राजस्थान के अनेक भागों में इस सप्ताहांत हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी दिनों में उत्तर-पश्चिम राजस्थान व आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने की प्रबल संभावना है।
इसके प्रभाव से 10-11 अक्टूबर को बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनू व आसपास के जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इसी तरह 13-14 अक्टूबर को भी उत्तर-पश्चिमी राजस्थान व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी।
राज्य के जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर व भरतपुर संभाग के ज्यादातर भागों में मौसम सूखा रहने का अनुमान है।
बृहस्पतिवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान पिलानी में 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।