आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में बुधवार को बारिश होने से कई इलाकों में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना को देखते हुए 'येलो' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे से पूर्वाह्न 11 बज कर 30 मिनट के बीच दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में 15.4 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई, जबकि लोधी रोड में 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, रिज क्षेत्र में बहुत हल्की बारिश हुई।
इसके अलावा विजय चौक, जंतर-मंतर, कर्तव्य पथ, आईटीओ, मथुरा रोड, संगम विहार, सीआर पार्क, लोधी रोड समेत दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई।
बारिश के बाद सीआर पार्क, संगम विहार, लोधी रोड और कई अन्य इलाकों में जलभराव की स्थिति को लेकर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर शिकायतें कीं।