चक्रवात ‘अकवान’ के कमजोर पड़ने के बाद बंगाल में बारिश का अनुमान : मौसम विभाग

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
Rain forecast in Bengal after Cyclone Akwan weakens: Meteorological Department
Rain forecast in Bengal after Cyclone Akwan weakens: Meteorological Department

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 चक्रवात ‘अकवान’ के कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने के बावजूद पश्चिम बंगाल में 22 नवंबर की सुबह तक बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को यह जानकारी दी।
 
चक्रवाती तूफान शुक्रवार सुबह ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकराने के बाद पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ गया था। इसके प्रभाव की वजह से दक्षिण बंगाल में 19 नवंबर की शाम से ही भारी बारिश हो रही है।
 
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दक्षिण बंगाल के अधिकतर जिलों और उत्तर बंगाल के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
 
विभाग ने बताया कि इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
 
आईएमडी ने बताया कि 24 नवंबर से पूरे राज्य में मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि इस दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
 
कमजोर पड़ चुके चक्रवात के कारण तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई है।
 
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पूर्व मेदिनीपुर जिले के समुद्र तटीय पर्यटन स्थल दीघा में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में राज्य की सबसे अधिक 176 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
 
इसी अवधि में पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी में 105 मिलीमीटर और दक्षिण 24 परगना जिले के सागर द्वीप में 85 मिलीमीटर बारिश हुई।