दिल्ली में बारिश और काले बादल, आधी रात को फिर बारिश का अनुमान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-10-2026
Rain and dark clouds in Delhi, rain expected again at midnight
Rain and dark clouds in Delhi, rain expected again at midnight

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

दिल्ली में बारिश और काले बादल, आधी रात को फिर बारिश का अनुमान

दिल्ली में बृहस्पतिवार को दिन में घने काले बादल छाए रहने के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर में मध्यम स्तर की बारिश, गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का 'रेड अलर्ट' जारी किया है।
 
मौसम कार्यालय ने दोपहर एक बजे जारी अपनी जिला-स्तरीय 'नाउकास्ट' (वर्तमान मौसम पूर्वानुमान) रिपोर्ट में शहर के कई हिस्सों में मध्यम बारिश का अनुमान जताया था। इसके तहत 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान जताया गया। यह चेतावनी अपराह्न तीन बजे तक के लिए थी।
 
मौसम विभाग ने पांच से 15 मिलीमीटर प्रति घंटे की दर से मध्यम से तीव्र बारिश की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि आधी रात के आसपास बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रह सकता है।
 
राजधानी में बृहस्पतिवार का दिन बादलों से घिरा रहा। आसमान में लंबे समय तक घने बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकली। रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चलती रहीं, जबकि कई इलाकों में दृश्यता कम होने से धुंधलापन बना रहा।
 
बारिश के कारण शहर के सामान्य दोपहर के नजारे में बड़ा बदलाव देखने को मिला। इंडिया गेट, संसद भवन, उच्चतम न्यायालय और कश्मीरी गेट बस अड्डे समेत कई प्रमुख स्थानों पर आसमान में काले बादल छाए रहे और बारिश से भीगी सड़कें नजर आईं। इसके अलावा पालम, मंडी हाउस, लक्ष्मी नगर और गीता कॉलोनी जैसे इलाकों में भी तेज बारिश हुई।