मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान: श्रीनगर में कई संपत्तियां कुर्क की गईं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-10-2026
Anti-drug crackdown: Several properties seized in Srinagar
Anti-drug crackdown: Several properties seized in Srinagar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 श्रीनगर में मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की कई संपत्तियां कुर्क की गई हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
 
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर पुलिस ने स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस) के प्रावधानों के तहत 13.43 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की कई आवासीय संपत्तियों और एक वाहन को जब्त या कुर्क किया है।
 
यह समन्वित कार्रवाई खानयार, पंथा चौक, शालटेंग, सफाकदल, सौरा और अहमदनगर पुलिस थानों ने की।
 
वित्तीय जांच के दौरान इन संपत्तियों की पहचान ऐसी संपत्तियों के रूप में की गई, जिन्हें कथित तौर पर मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित धन से खरीदा गया था।
 
प्रवक्ता ने बताया कि खानयार पुलिस ने आठ करोड़ रुपये मूल्य की चार आवासीय संपत्तियां और एक वाहन कुर्क किया।
 
वहीं, पंथा चौक पुलिस ने 1.24 करोड़ रुपये मूल्य की एक आवासीय संपत्ति और शालटेंग थाने ने 1.21 करोड़ रुपये मूल्य की एक संपत्ति कुर्क की।
 
प्रवक्ता ने बताया कि इसी तरह, सफाकदल पुलिस ने 10.15 लाख रुपये मूल्य की एक संपत्ति और अहमदनगर पुलिस ने एक करोड़ रुपये मूल्य की एक संपत्ति कुर्क की।