राहुल रविवार को कांग्रेस की ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कांस्टीट्यूशन’ मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-04-2026
Rahul will flag off the Congress' 'Run for Ambedkar, Run for Constitution' marathon on Sunday.
Rahul will flag off the Congress' 'Run for Ambedkar, Run for Constitution' marathon on Sunday.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 कांग्रेस आंबेडकर जयंती से दो दिन पहले आगामी रविवार को यहां ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कांस्टीट्यूशन’ मैराथन का आयोजन करेगी, जिसे पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी हरी झंडी दिखाएंगे।
 
पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग द्वारा आयोजित की जा रही इस मैराथन की शुरुआत मंडी हाउस से होगी और समापन 26, अलीपुर रोड स्थित आंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक पर होगा। दिल्ली में 26, अलीपुर रोड वह पता है, जहां बाबासाहेब भीम राव आंबेडकर अपने जीवन के आखिरी कुछ वर्षों में रहे और यहीं पर 1956 में उनका महापरिनिर्वाण हुआ था।
 
कांग्रेस के अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अप्रैल का महीना हम सभी के लिए बेहद गौरवशाली है। इस महीने में देश के कई महानायकों ने जन्म लिया। इनमें ज्योतिबा फुले, बाबा साहेब आंबेडकर, राहुल सांकृत्यायन, बाबू जगजीवन राम और सम्राट अशोक का नाम शामिल है। इसलिए अप्रैल को हम 'सामाजिक न्याय माह' के रूप में मना रहे हैं।’’
 
उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को सुबह छह बजे मंडी हाउस से सामाजिक परिवर्तन मैराथन शुरू की जाएगी, जिसे ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कांस्टीट्यूशन’ नाम दिया गया है।
 
गौतम ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे और इसमें सांसद दीपेंद्र हुड्डा, तेलंगाना सरकार के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन और कांग्रेस के कई अन्य नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे।