Rahul Gandhi's Indore visit: Stadium permission stuck, Jitu Patwari writes to Mohan Yadav
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 12 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और नगर निगम में जारी गतिरोध के बीच मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
पटवारी ने यादव को लिखे पत्र में कहा कि गांधी का कार्यक्रम कोई सामान्य राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के भविष्य, युवाओं के सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित जनसंवाद है।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से कहा कि सरकार को इस आयोजन की भावना, उपयोगिता और इसके व्यापक सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर गौर करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांधी लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष के तौर पर संवैधानिक पद पर आसीन जन प्रतिनिधि हैं और ऐसे में विद्यार्थियों व युवाओं के साथ उनके संवाद के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध करवाना आयोजन के महत्व के अनुरूप उचित होगा।
पटवारी ने यादव से आग्रह किया कि उन्हें कांग्रेस के प्रस्ताव पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने चाहिए ताकि नेहरू स्टेडियम को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन के लिए उपलब्ध कराया जा सके।