राघव चड्ढा ने पंजाब के नूरपुर बेदी गांव में खेल परिसर के लिए एक करोड़ रुपये आवंटित किए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-02-2026
Raghav Chadha allocates Rs 1 crore for sports complex in Nurpur Bedi village, Punjab
Raghav Chadha allocates Rs 1 crore for sports complex in Nurpur Bedi village, Punjab

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने पंजाब के रूपनगर जिले के नूरपुर बेदी गांव में एक इनडोर खेल परिसर के निर्माण के लिए अपनी सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एमपीलैड) से एक करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
 
चड्ढा ने कहा कि नूरपुर बेदी रोपड़ के आसपास के 135 गांवों का केंद्रीय स्थान है, लेकिन पूरे प्रखंड में एक भी इनडोर खेल सुविधा उपलब्ध नहीं है।
 
उन्होंने सोमवार को ‘एक्स’ पर एक संदेश में बताया कि उन्होंने स्थानीय विधायक दिनेश चड्ढा के साथ इस महत्वपूर्ण परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में भाग लिया।
 
उन्होंने कहा कि एमपीलैड सार्वजनिक धन है और इसका उपयोग सदैव जनता की जरूरतों और आकांक्षाओं के अनुरूप किया जाना चाहिए।
 
आप नेता ने कहा कि नूरपुर बेदी एक अधिसूचित ग्रामीण क्षेत्र है और यह आवंटन ग्राम पंचायत तथा स्थानीय विधायक द्वारा उठाई गई मांगों के आधार पर यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया है, कि यह परियोजना समुदाय की वास्तविक प्राथमिकताओं को प्रतिबिंबित कर सके।
 
चड्ढा ने कहा कि यह खेल परिसर युवाओं को प्रशिक्षण, प्रतिस्पर्धा और अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण प्रदान करेगा।
 
उन्होंने बताया कि इस परिसर में बैडमिंटन, टेबल टेनिस और भारोत्तोलन की सुविधाएं होंगी, साथ ही विद्यार्थियों और रोजगार चाह रहे अभ्यर्थियों के लिए वातानुकूलित पुस्तकालय भी स्थापित किया जाएगा, जिससे शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए एक समग्र स्थान उन्हें उपलब्ध होगा।
 
उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा के आधारभूत ढांचे में निवेश युवाओं में निवेश है और अंततः यह पंजाब के भविष्य और सुदृढ़ता में निवेश है।