Racial abuse of three Arunachal women in Delhi shameful, strict action should be taken: Khandu
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में राज्य की तीन महिलाओं के साथ हुए कथित नस्ली दुर्व्यवहार की ‘‘शर्मनाक घटना’’ की निंदा की और कहा कि उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं का दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में उनके किराए के अपार्टमेंट में मरम्मत कार्य को लेकर पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने तीनों महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर नस्ली टिप्पणी की और धमकाया।
खांडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में रहने वाली अरुणाचल प्रदेश की हमारी तीन युवा बहनों के साथ हुई नस्ली दुर्व्यवहार की शर्मनाक घटना की हम कड़ी निंदा करते हैं। ऐसा व्यवहार बिल्कुल अस्वीकार्य है और हमारे समाज में इसकी कोई जगह नहीं है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कल इस मामले की जानकारी मिलते ही मैंने दिल्ली पुलिस आयुक्त से बात की और उनसे त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस आयुक्त व्यक्तिगत रूप से मेरे संपर्क में हैं। आरोपी फिलहाल फरार हैं और मुझे आश्वासन दिया गया है कि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।’’