प्रश्नपत्र लीक सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं, ‘शॉर्टकट की संस्कृति’ का नतीजा : भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-07-2026
Question paper leak is not just corruption, it is a result of 'culture of shortcuts': BJP leader Rajeev Chandrashekhar
Question paper leak is not just corruption, it is a result of 'culture of shortcuts': BJP leader Rajeev Chandrashekhar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को कहा कि परीक्षा प्रश्नपत्र लीक केवल भ्रष्टाचार का मामला नहीं है, बल्कि यह ‘‘शॉर्टकट अपनाने की बढ़ती संस्कृति’’ का भी प्रतिबिंब है।

उन्होंने कथित नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर हो रहे प्रदर्शनों के दौरान इस्तेमाल की जा रही भाषा और लहजे पर भी आपत्ति जताई।
 
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब कथित नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं। छात्र संगठनों, नागरिक समाज समूहों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है तथा नयी दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की आलोचना की है।
 
चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ‘‘परीक्षा प्रश्नपत्र लीक एक अपराध है। असली सवाल यह है कि ऐसे कौन-से कारण या कौन-से लोग हैं, जो इसे बढ़ावा देते हैं और इसकी संस्कृति को पोषित करते हैं। हमें इन्हीं सवालों के जवाब तलाशने चाहिए।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि परीक्षा प्रश्नपत्र लीक का मुद्दा खुलकर चर्चा का विषय बना है। यह बहस जानकारीपूर्ण और शालीन तरीके से तब तक जारी रहनी चाहिए, जब तक इस पूरे तंत्र और उस संस्कृति को व्यापक रूप से समाप्त नहीं किया जाता, जो प्रश्नपत्र लीक को बढ़ावा देती है।’’