आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के यूरोप में उप कमांडर ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध लंबा खिंचने और पश्चिमी सहयोगियों के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का रवैया ‘‘लगातार अधिक बेपरवाह, खतरनाक और जोखिम उठाने वाला’’ होता जा रहा है।
एयर चीफ मार्शल सर जॉन स्ट्रिंगर ने मंगलवार को एस्टोनिया में एक सुरक्षा सम्मेलन के दौरान यह चेतावनी दी।
नाटो कमांडर का यह बयान ऐसे समय में आया है जब कुछ यूरोपीय नेताओं ने चेतावनी दी है कि रूस और अधिक साहसी हमलों के जरिए नाटो की सामूहिक रक्षा संधि को परखने की योजना बना रहा है।
स्ट्रिंगर ने चेताया कि नाटो के सदस्य देशों को ‘‘तनावपूर्ण माहौल’’ के प्रति सचेत रहने और अपनी प्रतिक्रिया में सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि पुतिन गठबंधन को ‘‘अति प्रतिक्रिया’’ के लिए उकसाना चाहेंगे।
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने पिछले सप्ताह कहा था कि रूस नाटो देशों को जानबूझकर ड्रोन या मिसाइल हमलों से निशाना बना सकता है और बाद में उन्हें दुर्घटनावश हुआ हमला बता सकता है।