खरगे के सभा स्थल का ‘शुद्धीकरण’ अपराध, प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दें प्रधानमंत्री: राहुल गांधी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-08-2026
"Purification" of Kharge's meeting venue a crime, PM should direct registration of FIR: Rahul Gandhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सभा स्थल के कथित शुद्धीकरण को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की।
 
गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि यह घटना एक अपराध है तथा कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि ‘‘शुद्धीकरण’’ में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।
 
उन्होंने कहा, ‘‘देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है, एक संविधान की विचारधारा और दूसरी भाजपा-आरएसएस की विचारधारा।’’
 
कांग्रेस नेता ने कहा कि संविधान लागू होने के बावजूद देश में दलितों के खिलाफ भेदभाव और हिंसा जारी है तथा इस तरह के कृत्य कानूनन अपराध हैं।