आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में उनकी रैली के बाद सभास्थल का कथित तौर पर शुद्धीकरण किए जाने को छुआछूत की घटना करार देते हुए बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा को पत्र लिखकर आग्रह किया कि वह इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को निर्देश दें।
उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकरण को लेकर राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से भी संपर्क किया जाएगा।
खरगे ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ‘‘चुप्पी’ को लेकर भी सवाल खड़े किए।
उन्होंने राज्यसभा में सदन के नेता नड्डा को लिखे पत्र में इस बात पर हैरानी जताई कि ‘शुद्धीकरण’ की घटना के 24 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है और उलटा राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया, जबकि वह निरंतर दलितों की आवाज उठा रहे हैं।
खरगे ने राज्यसभा में दिए गए नड्डा के आश्वासन का हवाला देते हुए कहा कि वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को निर्देश देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को राज्यसभा में मामला उठाए जाने पर नड्डा ने जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था।