आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को दावा किया कि पंजाब के बटाला के पास आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर उस समय कथित रूप से हमला किया, जब वह पठानकोट में अपनी पार्टी की ओर से आयोजित मादक पदार्थ विरोधी यात्रा में शामिल होने जा रहे थे।
बिट्टू ने दावा किया कि 100 से अधिक आप कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को निशाना बनाया और उस पर पत्थर तथा अंडे फेंके।
उन्होंने आरोप लगाया, "काफिले के दो वाहनों के शीशे टूट गए। उन्होंने जैमर वाहन को भी नुकसान पहुंचाया।"
घटना का ब्योरा देते हुए बिट्टू ने कहा कि हमला उस समय हुआ, जब उनका काफिला थोड़ा धीमा हुआ था।
उन्होंने आरोप लगाया, "पूरी घटना के दौरान स्थानीय पुलिस मूकदर्शक बनी रही।"
बटाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेहताब सिंह से मामले में उनकी प्रतिक्रिया के लिए संपर्क नहीं हो सका।