पंजाब के कर्मचारियों को केंद्र के उनके समकक्षों की तुलना में 70 प्रतिशत अधिक वेतन मिलता है: सरकार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-08-2026
Punjab employees get 70 per cent more salary than their counterparts at the Centre: Government
Punjab employees get 70 per cent more salary than their counterparts at the Centre: Government

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पंजाब सरकार के कर्मचारियों को ऐतिहासिक रूप से केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तुलना में काफी अधिक वेतन मिलता रहा है। राज्य की वेतन संरचना के तहत कई संवर्गों के कर्मचारियों का वेतन केंद्रीय कर्मचारियों की तुलना में 30 प्रतिशत से 70 प्रतिशत तक अधिक है।
 
सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
 
बयान के अनुसार, पंजाब सरकार महंगाई भत्ता (डीए) 42 प्रतिशत की दर से दे रही है, जबकि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 60 प्रतिशत डीए देती है। इसके बावजूद, राज्य के उच्च वेतनमान के कारण कई श्रेणियों में पंजाब सरकार के कर्मचारियों का कुल मासिक वेतन केंद्रीय कर्मचारियों की तुलना में अब भी अधिक है।
 
यह बयान पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के उस आदेश के बाद आया है जिसमें अदालत ने सोमवार को राज्य सरकार को कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बकाया डीए का भुगतान दो सप्ताह के भीतर करने का निर्देश दिया था।
 
बयान में कहा गया है कि पंजाब सरकार लगातार यह रुख अपनाती रही है कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए तैयार है कि किसी भी कर्मचारी को केंद्र सरकार के वेतनमान और केंद्र सरकार की महंगाई भत्ता (डीए) दर के आधार पर देय कुल वेतन-भत्तों से कम भुगतान न हो।
 
हालांकि, राज्य सरकार का यह भी कहना है कि पंजाब के पहले से ही अधिक वेतनमान पर केंद्र सरकार की अधिक महंगाई भत्ता (डीए) दर लागू नहीं की जा सकती, क्योंकि दोनों वेतन संरचनाओं को एक साथ नहीं जोड़ा जा सकता।
 
बयान के अनुसार, पंजाब सरकार ने यह भी कहा है कि महंगाई भत्ते की दर तय करना राज्य सरकार का नीतिगत और संप्रभु अधिकार है।
 
बयान में कहा गया, ‘‘देश के प्रमुख राज्यों में पंजाब पहले से ही वेतन और पेंशन का सबसे अधिक वित्तीय बोझ उठा रहा है।’’