Protests at AI summit a deliberate conspiracy against India: Rijiju targets Congress
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने शनिवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में विरोध प्रदर्शन करने के लिए अपनी युवा शाखा के कार्यकर्ताओं को लगाकर देश के खिलाफ ‘‘बड़ा पाप’’ किया है।
रीजीजू ने विरोध प्रदर्शन को ‘‘शर्मनाक’’ बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस युवा शाखा का विरोध प्रदर्शन कोई गलती नहीं, बल्कि भारत पर हमला करने के लिए पार्टी द्वारा रची गई एक सोची-समझी साजिश थी।
उन्होंने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस ने एआई शिखर सम्मेलन में विरोध प्रदर्शन के लिए अपनी युवा शाखा का इस्तेमाल करके ‘‘देश के खिलाफ बड़ा पाप’’ किया है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस द्वारा युवाओं का इस्तेमाल देश को बदनाम करने के लिए करना, इससे अधिक शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता।’’
रीजीजू ने कहा कि जहां पूरा देश शिखर सम्मेलन में कांग्रेस के कृत्यों की निंदा कर रहा है, वहीं पार्टी और उसके नेता माफी मांगने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब भारत प्रगति करता है, तो राहुल गांधी और कांग्रेस दुखी हो जाते हैं। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भारत को बदनाम करने के लिए चौबीसों घंटे साजिशें रचते रहते हैं।’’