Priyanka Gandhi targets Chief Minister Himanta, says: One family is looting Assam.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर बुधवार को निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में ‘‘केवल एक परिवार सब कुछ लूट रहा है’’।
प्रियंका गांधी ने विपक्ष के नेता और नाजिरा से पार्टी के उम्मीदवार देबब्रत सैकिया के समर्थन में यहां चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला किया और उन पर अमेरिका का ‘‘गुलाम’’ होने का आरोप लगाया।
गांधी ने कहा, ‘‘असम में एक परिवार सब कुछ लूट रहा है और जब वे लूटपाट नहीं कर रहे होते हैं तो खदानें, जमीनें और हर संपत्ति बड़े उद्योगपतियों को सौंप दी जाती है।’’
उन्होंने असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान हर मोर्चे में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए शारदा, स्मार्ट सिटी और एनसी हिल्स जैसे कई पुराने घोटालों का मुद्दा उठाया।
गांधी ने दावा किया, ‘‘भाजपा ने कहा था कि उसने ‘डबल इंजन’ वाली सरकार दी है। असल में यह दोहरी गुलामी वाली सरकार है। प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका की गुलामी में लगे हैं और हिमंत विश्व शर्मा मोदी की गुलामी कर रहे हैं।’’
उन्होंने ‘‘चाय बागान श्रमिकों की दैनिक मजदूरी बढ़ाने के वादे को पूरा करने में नाकाम रहने के लिए’’ भाजपा सरकार पर हमला किया और इस बात पर जोर दिया कि बागानों के लोग संघर्ष कर रहे हैं।