आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और वकील एच.एस. फूलका भाजपा में शामिल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-04-2026
Former Aam Aadmi Party leader and lawyer H.S. Phoolka joins BJP.
Former Aam Aadmi Party leader and lawyer H.S. Phoolka joins BJP.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता और आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व नेता एच. एस. फूलका बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
 
उन्हें खासकर इस बात के लिए जाना जाता है कि उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों का प्रतिनिधित्व किया था।
 
फूलका का भाजपा में शामिल होने को पार्टी के लिए एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि वह अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार को सत्ता से हटाने की तैयारी कर रही है।
 
फूलका केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, भाजपा महासचिव तरुण चुघ, पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ और पार्टी मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।
 
फूलका का भाजपा में स्वागत करते हुए पुरी ने कहा, “उनके शामिल होने से पार्टी और पंजाब में हमारे प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।”
 
उन्होंने फूलका के शामिल होने को न्याय और जवाबदेही के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता में एक महत्वपूर्ण योगदान बताया। उन्होंने दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने में उनके योगदान का उल्लेख किया।
 
फूलका ने कहा कि भाजपा ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के लिए उनकी कानूनी लड़ाई में साथ दिया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के शासन में पंजाब जिन चुनौतियों का सामना कर रही है उनका समाधान केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा ही सकती है।
 
फूलका ने कहा, “प्रधानमंत्री ने सिख मुद्दों में व्यक्तिगत रुचि दिखाई है। 1984 के दंगों पर मेरे काम के कारण उन्होंने हमेशा मेरे प्रयासों की सराहना की है।”
 
उन्होंने कहा कि मदन लाल खुराना, सुषमा स्वराज और विजय कुमार मल्होत्रा ​​जैसे नेताओं ने इस मुद्दे का समर्थन किया और भाजपा, विशेष रूप से दिल्ली में, इस मुद्दे को ऐसे लड़ा जैसे यह उनका अपना मुद्दा हो।