Himachal: Shoolini University Announces Scholarship in Memory of Former Student Who Committed Suicide
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित शूलिनी विश्वविद्यालय के एक पूर्व छात्र की कथित आत्महत्या को लेकर छात्रों के भारी आक्रोश के बाद, विश्वविद्यालय ने बुधवार को छात्र की स्मृति में छात्रवृत्ति की घोषणा की।
यह छात्रवृत्ति अगले शैक्षणिक सत्र से आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के एक छात्र को एमबीए पाठ्यक्रम के लिए प्रदान की जाएगी।
छात्रों के अनुसार, नितिन चौहान (21) को कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से नौकरी मिली थी। उसमें कथित रूप से चौहान को उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। छात्रों ने बताया कि जिस वेतन का उन्हें वादा किया गया था, वह नहीं दिया गया, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
यह छात्रवृत्ति नितिन को श्रद्धांजलि स्वरूप स्थापित की गई है और यह अगले दस वर्षों तक उपलब्ध रहेगी।
एक आधिकारिक बयान में विश्वविद्यालय ने कहा है कि 29 मार्च को एमबीए पाठ्यक्रम के छात्र नितिन ने फांसी लगा कर सोलन में आत्महत्या कर ली थी । विश्वविद्यालय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की घड़ी में हम सभी उनके माता-पिता, परिवार और प्रियजनों के साथ हैं तथा विश्वविद्यालय परिवार को शक्ति और शांति प्रदान करने की प्रार्थना करता है।
विश्वविद्यालय ने कहा, “यह कदम गहरी संवेदना और जिम्मेदारी की भावना से उठाया गया है, ताकि उनकी स्मृति संस्थान में कायम रह सके।”
छात्रों द्वारा 31 मार्च को बड़े पैमाने पर किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद यह घोषणा की गई। छात्रों ने अपने प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम कर दी थी और मृतक के लिए न्याय, नितिन के माता-पिता से विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा माफी, तथा विश्वविद्यालय की न्यासी और उपाध्यक्ष अवनी खोसला को हटाने की मांग की थी।