आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
एक निजी कंपनी द्वारा संचालित प्रशिक्षण विमान बुधवार सुबह तकनीकी खराबी आने के बाद महाराष्ट्र में पुणे जिले की बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बारामती हवाई पट्टी के निकट स्थित गोजुबावी गांव के पास सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर हुई इस घटना के बाद विमान में सवार एकमात्र प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित बाहर आ गया।
उन्होंने बताया कि विमान ‘रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग एकेडमी’ का था, जो बारामती हवाई पट्टी के समीप विमानों का संचालन करती है। कंपनी ने कहा कि उसने घटना की जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले भी इसी कंपनी के विमान जिले में दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को एक अन्य कंपनी वीएसआर वेंचर्स से संबंधित एक निजी चार्टर विमान बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत सवार सभी लोगों की मौत हो गयी थी।