आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों की मंगलवार को हुई साप्ताहिक बैठक में इस बारे में प्रस्तुतिकरण दिया गया कि भारत अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में किस तरह उपलब्धियां अर्जित कर रहा है तथा देश में रोजगार पैदा करने के रास्ते बढ़े हैं जिससे युवाओं के लिए करोड़ों अवसर सृजित हो रहे हैं।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री और राजग के घटक दलों के नेता शामिल हुए।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को यहां संसद भवन परिसर में हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के बगल में बैठे दिखे। यह बैठक बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की हार के एक दिन बाद हुई, जहां उसके उम्मीदवार को चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने उपचुनाव में हरा दिया है।
भाजपा का गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में उपचुनाव इसलिए ज़रूरी हो गया था क्योंकि नवीन ने पार्टी अध्यक्ष बनने और राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद सीट छोड़ दी थी।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने खेलों पर एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया और कहा कि मोदी सरकार ने 2014 में एक खेल नीति अपनाई थी, जिसके परिणामस्वरूप भारत को अब ओलंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेल जैसी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में स्वर्ण समेत कई अवॉर्ड मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रोजगार देने के तरीकों पर एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण भी दिया गया और बताया गया कि युवाओं के लिए रोजगार के मौके दिन-ब-दिन बढ़े हैं।