मणिपुरी संगीतकार की हत्या के मामले में पुलिस ने 500 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-10-2026
Police file 500-page chargesheet in Manipuri musician's murder case
Police file 500-page chargesheet in Manipuri musician's murder case

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 
राष्ट्रीय राजधानी की पुलिस ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव में 54 वर्षीय मणिपुरी संगीतकार की हत्या के मामले में साकेत अदालत में सात लोगों के खिलाफ 500 से अधिक पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
 
अधिकारी ने बताया कि आरोपपत्र में 30 से अधिक गवाहों के बयानों को शामिल किया गया है और यह आपराधिक साजिश, पांच या अधिक व्यक्तियों के समूह द्वारा हत्या, और मकान में अनधिकृत प्रवेश से संबंधित धाराओं के तहत दाखिल किया गया है।
 
आरोपपत्र में नामजद आरोपी भरत कुमार (19), प्रमोद (26), रमजान खान (22), दीपांशु (21), मोहन विश्वकर्मा (32), विजय (36) और मन्नू (26) हैं। इस मामले में एक नाबालिग को भी पकड़ा गया था। सभी आरोपी एक ढाबे के कर्मचारी हैं।
 
पीड़ित चोंगथम विक्रम सिंह पर छह सितंबर को एक समूह ने उस समय हमला कर दिया था, जब वह अपने निवास के बाहर हो रहे हंगामे का विरोध करने के लिए इमारत से नीचे गए थे। जांच के अनुसार, आठ व्यक्ति उनका पीछा करते हुए इमारत की ऊपरी मंजिल तक गए और उनके अपार्टमेंट के बाहर उनके बेटे के सामने उनसे क्रूरतापूर्वक मारपीट की और फिर फरार हो गए।
 
आरोपी हंगामे का विरोध करने पर उन्हें पीटकर कथित तौर पर "सबक सिखाना" चाहते थे, लेकिन उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि यह हमला जानलेवा साबित होगा।
 
पुलिस सूत्र ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उन्होंने संगीतकार को घूंसे और लात-थप्पड़ से पीटा था।