Kerala: MLA G. Sudhakaran claims role in bridge project
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम के अलप्पुझा और कोट्टायम जिलों को जोड़ने वाले मक्केकडावु-नेरे कडावु पुल का श्रेय लेने को लेकर विवाद के बीच निर्दलीय विधायक एवं पूर्व लोक निर्माण मंत्री जी. सुधाकरन ने सोमवार को पिनराई विजयन नीत पहली सरकार के कार्यकाल में इस परियोजना की शुरुआत कराने में अपनी भूमिका का ब्योरा दिया।
मुख्यमंत्री वी. सतीशन ने रविवार को दोनों जिलों को जोड़ने वाले 800 मीटर लंबे और 11 मीटर चौड़े पुल का उद्घाटन किया।
लोक निर्माण मंत्री पी. के. बशीर और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पूर्व सांसद ए. एम. आरिफ के बीच उद्घाटन समारोह के दौरान पुल का श्रेय लेने को लेकर बहस के बाद यह विवाद शुरू हुआ।
सुधाकरन ने 2016 से 2021 तक वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार में लोक निर्माण मंत्री के रूप में कार्य किया था।
उन्होंने इस साल माकपा छोड़ दी और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अंबलपुझा विधानसभा सीट से जीत हासिल की।