आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने ग्राहक को कथित तौर पर इस्तेमाल की अवधि (एक्सपायरी की तारीख) समाप्त हो चुका बेसन पहुंचाने के मामले में ई-कॉमर्स कंपनी जेप्टो को नोटिस जारी किया है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि उसने इस्तेमाल की अवधि समाप्त हो चुके बेसन की आपूर्ति से जुड़ी शिकायत के संबंध में जेप्टो मार्केटप्लेस प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किया है।
नियामक ने कहा, ‘‘सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक शिकायत में आरोप लगाया गया कि बेसन के दो पैकेट उनकी इस्तेमाल की अंतिम तारीख बीतने के बाद पहुंचाए गए। दोनों पैकेट पर कथित तौर पर ‘इस्तेमाल की अंतिम तारीख : 12-09-2026’ (12 सितंबर) अंकित थी, जिससे संकेत मिलता है कि डिलिवरी के समय उनकी अवधि समाप्त हो चुकी थी।’’
एफएसएसएआई ने जेप्टो को शिकायत की जांच करने और ऑर्डर, डिलिवरी, गोदाम, विक्रेता तथा उत्पाद से जुड़ी जानकारी देने का निर्देश दिया है।
नियामक ने कहा कि कंपनी को यह बताना होगा कि अवधि समाप्त हो चुका उत्पाद ग्राहक तक कैसे पहुंचा। साथ ही, उसे प्रभावित स्टॉक हटाने, ग्राहक को सूचित करने, पैसे लौटाने और ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने, इसके लिए उठाए गए सुधारात्मक कदमों की पुष्टि करनी होगी।
एफएसएसएआई ने जेप्टो से लिखित जवाब भी मांगा है।