प्रधानमंत्री मोदी आज लखनऊ में राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
PM Modi to attend National Skills Convocation in Lucknow today
PM Modi to attend National Skills Convocation in Lucknow today

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को लखनऊ में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और अन्य कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के राष्ट्रीय स्तर के 52 शीर्ष प्रतिभागियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
 
अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के तहत काम करने वाले प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) का यह वार्षिक प्रमुख समारोह पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है।
 
यह कार्यक्रम विभूतिखंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। मोदी के शाम करीब 5:15 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचने और शाम 5:30 बजे से 6:45 बजे तक समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।
 
अधिकारियों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उत्तराखंड से लौटने के बाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। वह उत्तराखंड में अपनी मां सावित्री देवी के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने गए हैं।
 
उत्तर प्रदेश व्यावसायिक शिक्षा के प्रशिक्षण निदेशक अभिषेक सिंह के अनुसार, अखिल भारतीय व्यवसाय परीक्षा (एआईटीटी), 2025 में प्रदर्शन के आधार पर चुने गए 52 शीर्ष प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के इस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
 
इनमें से 10 प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री मोदी मंच पर पुरस्कार प्रदान करेंगे। इनमें शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) के तहत अखिल भारतीय स्तर के तीन शीर्ष प्रतिभागी, दिव्यांग श्रेणी के दो शीर्ष प्रतिभागी, पारंपरिक रूप से पुरुषों के वर्चस्व वाले व्यवसायों में उपलब्धि हासिल करने वाली दो महिलाएं और शिल्प अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआईटीएस) के तीन शीर्ष प्रतिभागी शामिल हैं।
 
इस कार्यक्रम में लखनऊ और आसपास के जिलों के 5,000 से अधिक आईटीआई विद्यार्थी और प्रशिक्षक शामिल हो सकते हैं।
 
प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे शहर में करीब 4,400 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
 
उत्तर प्रदेश प्रशिक्षण निदेशालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस समारोह में उत्तर प्रदेश के छह मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।