आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री दिवगंत जे जयललिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने एक प्रभावशाली नेता और उत्कृष्ट प्रशासक के रूप में असंख्य लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई।
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) की दिग्गज नेता की 78वीं जयंती पर प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि तमिलनाडु की मुख्यमंत्री के रूप में जयललिता ने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास पर विशेष ध्यान देते हुए कल्याणकारी शासन का नेतृत्व किया।
मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “जयललिता जी की जयंती पर भावपूर्ण स्मरण। उन्होंने एक प्रभावशाली नेता और उत्कृष्ट प्रशासक के रूप में अनगिनत लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई।”
प्रधानमंत्री ने उनके जीवन को अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से परिपूर्ण बताते हुए कहा, “वह करुणामयी और निर्णायक दोनों थीं। उनके साथ हुई बातचीत को याद करके मुझे बहुत खुशी होती है।’’
प्रधानमंत्री ने रविवार को अपने मासिक रेडियो संबोधन ‘मन की बात’ में भी जयललिता के बारे में कहा कि उन्होंने महिलाओं के कल्याण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सराहनीय प्रयास किए, इसलिए वह हमेशा जनता के दिलों में बनी रहेंगी।
मोदी ने कहा कि ‘अम्मा जयललिता’ का नाम सुनते ही तमिलनाडु के लोगों के चेहरे पर एक अलग ही चमक आ जाती है, और देश की ‘नारी शक्ति’ का उनसे जुड़ाव और भी खास रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में समाज कल्याण के लिए काम करने वाले और जनता को प्राथमिकता देने वाले लोग हमेशा लोगों के जहन में रहते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जयललिता ऐसी ही जनप्रिय नेता थीं और जब भी वह तमिलनाडु जाते हैं, वहां की जनता का उनके प्रति गहरा स्नेह आज भी महसूस होता है।