PM Modi greets the people of Arunachal Pradesh and Mizoram on their Statehood Day
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के लोगों को उनके राज्य की स्थापना दिवस पर बधाई दी और कामना की कि आने वाले समय में ये राज्य विकास की नयी ऊंचाइयों को छूते रहेंगे।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि मनोरम दृश्यों और असाधारण सांस्कृतिक विविधता से समृद्ध अरुणाचल प्रदेश परंपरा और प्रकृति के बीच सामंजस्य का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि इसके उत्साही और मेहनती नागरिक राष्ट्र की प्रगति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और साथ ही राज्य की विविध जनजातीय संस्कृति राष्ट्र को अपार समृद्धि प्रदान करती है।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अरुणाचल प्रदेश के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं... आशा है कि आने वाले समय में राज्य विकास की नयी ऊंचाइयों को छूता रहेगा।’’
एक अन्य संदेश में प्रधानमंत्री ने मिजोरम के लोगों को उनके राज्य स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं।