कौशांबी पुलिस की नयी पहल : यात्रा मार्ग के थानों पर कांवड़ियों के लिये उपलब्ध रहेगा गंगाजल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-08-2026
pilgrims at police stations along the pilgrimage route.
pilgrims at police stations along the pilgrimage route.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में कांवड़ियों की सुविधा के लिए कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले हर थाने पर पवित्र गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने शनिवार को बताया कि पवित्र कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धालुओं के लिए सुविधा युक्त बनाने के लिये पुलिस ने कांवड़ियों की धार्मिक भावनाओं और श्रद्धा का सम्मान करते हुए एक विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की है।
 
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान अक्सर भीड़ दुर्घटना या किसी अप्रत्याशित कारण से कांवड़ियों की कांवड़ खंडित होने अथवा पवित्र जल गिर जाने की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, ऐसे में उन्हें अपनी यात्रा बीच में छोड़कर वापस जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
 
प्रजापत ने बताया कि ऐसी विषम परिस्थितियों में शिव भक्तों की सहायता के लिए प्रयागराज के संगम से बड़े-बड़े गैलनों में गंगाजल मंगवाकर कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले थानों में रखवाया गया है।
 
उन्होंने बताया कि अगर किसी कांवड़िये का गंगाजल रास्ते में गिर जाता है तो वह नजदीकी थाने से तुरंत पवित्र गंगाजल प्राप्त कर सकेगा।
 
श्रावण मास के दौरान देश के विभिन्न स्थानों से कांवड़िये गंगाजल लाकर पैदल चलते हुए शिवालयों पर उसे अर्पित करते हैं। राज्य सरकार ने इस बार भी सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक कांवड़ यात्रा सुनिश्चित करने के लिये अनेक इंतजाम किये हैं। श्रावण मास 30 जुलाई से शुरू हो चुका है और यह 28 अगस्त तक चलेगा।