आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक 37.06 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद से ही मतदाताओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखी गई।
विशेषकर ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्रों में काफी चहल-पहल रही तथा वहां बड़ी संख्या में बुजुर्ग मतदाता एवं महिलाएं मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर आए।
एक आधुनिक पहल के तहत निर्वाचन विभाग ने एक मतदान केंद्र में एक रोबोट को तैनात किया, जिसने फूलों की पंखुड़ियों से मतदाताओं का स्वागत किया और मतदान के महत्व को लेकर उन्हें एक संदेश दिया।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता बरकरार रखने के लिए चुनावी मैदान में हैं, वहीं विपक्षी कांग्रेस नीत गठबंधन केंद्र शासित प्रदेश में अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) नीत मोर्चे से सत्ता छीनने के प्रयास में है और उसने अपने प्रचार अभियान को स्थानीय स्वायत्तता एवं प्रशासनिक टकराव के मुद्दों पर केंद्रित किया है।
एआईएनआरसी के प्रमुख और मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मोटरसाइकिल से मतदान केंद्र पहुंचे।
पुडुचेरी के गृह मंत्री ए नमसिवायम और कांग्रेस नेता वी नारायणसामी शुरुआती मतदाताओं में शामिल रहे।
इस चुनाव में 9.50 लाख मतदाता सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे।
मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पुडुचेरी और इसके कराईकल, माहे तथा यानम क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के बाहर उत्साह के साथ सुबह से कतार में खड़े दिखे।
केंद्र शासित प्रदेश में पुडुचेरी के 23 विधानसभा क्षेत्र, कराईकल के पांच क्षेत्र तथा माहे और यानम की एक-एक विधानसभा सीट के लिए मतदान जारी है। कुल 9.50 लाख मतदाताओं में महिलाओं की संख्या (5.03 लाख) पुरुष मतदाताओं (4.46 लाख) से अधिक है।
अधिकारियों के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश में 1,099 मतदान केंद्र हैं। इनमें से 209 को संवेदनशील मतदान केंद्र के रूप में चिह्नित किया गया है और कुल 294 उम्मीदवार मैदान में हैं।