जीजीएसआईपीयू ने समाज को दिशा दिखाई : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-04-2026
GGSIPU has shown direction to the society: Chief Minister Rekha Gupta
GGSIPU has shown direction to the society: Chief Minister Rekha Gupta

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (जीजीएसआईपीयू) का 18वां दीक्षांत समारोह बृहस्पतिवार को पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार स्थित परिसर में आयोजित किया गया।

जीजीएसआईपीयू के कुलपति महेश वर्मा ने विश्वविद्यालय की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि कुल 26,649 डिग्रियां प्रदान की गईं, जिनमें 124 पीएचडी, 11 एमफिल, 2,873 स्नातकोत्तर, 22,455 स्नातक और 477 एमबीबीएस डिग्रियां शामिल हैं।
 
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय ने "देश, विश्व और समाज को दिशा दिखाई है।"
 
उन्होंने कहा कि स्नातक होने वाले छात्र न केवल अपने करियर को आगे बढ़ाएंगे बल्कि भारत को आगे ले जाने के लिए अपने विचार और दृष्टिकोण भी प्रदान करेंगे।
 
मुख्यमंत्री ने मेडल व डिग्रियां प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आप सभी “विकसित भारत” के संकल्प को आगे ले जाने वाली शक्ति हैं। आपकी सफलता ही देश की सफलता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।”
 
उन्होंने कहा, “हमारे युवाओं को जिस तरह की शिक्षा चाहिए, जैसी सुविधाएं चाहिए, हमारी सरकार उसी पर फोकस कर रही है।“
 
दिल्ली के उपराज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति तरनजीत सिंह संधू, दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के अध्यक्ष योगेश सिंह के साथ दीक्षांत समारोह में शामिल हुए।
 
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद व्यक्तिगत प्रतिबद्धताओं के कारण समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।
 
उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से स्नातक छात्रों को बधाई दी।