ईरान के निमंत्रण पर अयातुल्ला खामेनेई को अंतिम श्रद्धांजलि देने जाएंगी पीडीपी प्रमुख

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 02-07-2026
PDP chief to visit Ayatollah Khamenei at Iran's invitation
PDP chief to visit Ayatollah Khamenei at Iran's invitation

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती अमेरिका एवं इजराइल के हमले में मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण मिलने के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देने ईरान जाएंगी।

ईरान के सर्वोच्च नेता के कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग के निदेशक मोहसीन कुम्मी ने महबूबा को भारत की विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया है।
 
पीडीपी प्रमुख ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘(ईरान से) यह निमंत्रण मिलना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है और यह जीवन में एक बार मिलने वाले अवसर जैसा है। मैं सर्वोच्च नेता को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए वहां जाऊंगी।’’
 
निमंत्रण पत्र में कहा गया है कि अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई 28 फरवरी को मारे गए थे और राष्ट्रीय शोक की अवधि एवं इस्लामी गणराज्य के प्रोटोकॉल के अनुरूप तीन से छह जुलाई तक तेहरान में राजकीय अंतिम संस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा।
 
महबूबा को संबोधित पत्र में कहा गया है, ‘‘इस्लामी गणराज्य ईरान और भारत गणराज्य के बीच गहरे ऐतिहासिक एवं रणनीतिक संबंधों के मद्देनजर आपको भारत की विशिष्ट अतिथि के रूप में इस गरिमापूर्ण समारोह में आमंत्रित करना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है।’’
 
पत्र में कहा गया है, ‘‘आपकी उपस्थिति हमारी दोनों महान प्राचीन सभ्यताओं के बीच गहरी मित्रता और परस्पर सम्मान का प्रमाण होगी।’’
 
कार्यक्रम के अनुसार, तेहरान के ‘इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला कॉप्लेक्स’ में तीन जुलाई को सर्वोच्च नेता को विदाई दी जाएगी। इसके अगले दिन उनकी स्मृति में कार्यक्रम होगा और छह जुलाई को अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।