भाजपा के साथ गठबंधन करने वाले दलों का कभी कोई भविष्य नहीं रहा: द्रमुक सांसद कनिमोई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-04-2026
Parties that align with the BJP have never had a future: DMK MP Kanimozhi
Parties that align with the BJP have never had a future: DMK MP Kanimozhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सांसद कनिमोई करुणानिधि ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करने वाले राजनीतिक दलों का भविष्य अंधकारमय है। उन्होंने अन्नाद्रमुक के भाजपा के साथ संबंधों को ऐसा ‘‘विश्वासघाती गठबंधन’’ करार दिया, जो राज्य और उसके अपने कार्यकर्ताओं दोनों को धोखा देता है।
 
नीलाकोट्टई विधानसभा क्षेत्र में द्रमुक उम्मीदवार नागज्योति के लिए प्रचार करते हुए कनिमोई ने अन्नाद्रमुक नेता ई. के. पलानीस्वामी पर निशाना साधते हुए उन पर ‘‘विश्वासघाती गठबंधन का नेतृत्व करने’’ का आरोप लगाया, जिसने राज्य और अपनी ही पार्टी कार्यकर्ताओं को धोखा दिया है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘जिन लोगों ने उनके (भाजपा) साथ गठबंधन किया है, उनका कभी कोई भविष्य नहीं रहा। हो सकता है, वह आपको किसी राज्य का राज्यपाल बनाकर भेज दें। आप अपनी पसंद का कोई भी शहर चुन लें... अगर आप उन्हें अभी बता दें, तो शायद वे आपको भेज दें।’’
 
थूथुकुडी क्षेत्र से सांसद ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पर अन्नाद्रमुक के अस्थिर रुख की भी आलोचना करते हुए कहा कि जहां पलानीस्वामी ने पहले इस अधिनियम का समर्थन किया था और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की थी, वहीं अब वह भाजपा के साथ गुप्त समझौते में रहते हुए खुद को इससे दूर करने की कोशिश कर रहे हैं।
 
कनिमोई ने अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन के उन आरोपों को खारिज कर दिया कि द्रमुक हिंदू विरोधी है और इसके लिए उन्होंने मंदिर प्रशासन और जीर्णोद्धार में सरकार के रिकॉर्ड का हवाला दिया।