आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कश्मीरी पंडितों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन पनुन कश्मीर ने अपने पूर्व अध्यक्ष अजय च्रुंगू को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के अमेरिका स्थित एजेंट गुलाम नबी फई से उनकी कथित बातचीत समेत विदेशी संबंधों के आरोपों की जांच का आदेश दिया है। यहां शनिवार को जारी एक परिपत्र में यह जानकारी दी गई।
पनुन कश्मीर द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया कि च्रुंगू के स्थान पर टिटो गांजू को नियुक्त किया गया है।
च्रुंगू से टिप्पणी के लिए तुरंत संपर्क नहीं हो सका।
यह परिपत्र पनुन कश्मीर के संयोजक अग्निशेखर द्वारा वरिष्ठ नेताओं से परामर्श और महासचिव कुलदीप रैना, संगठनात्मक सचिव बिहारी लाल कौल, प्रचार और मीडिया सचिव, उपाध्यक्ष और कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सिफारिशों के बाद जारी किया गया था।
परिपत्र में कहा गया, ‘‘प्रतिनिधित्व में संगठन विरोधी आचरण, वैचारिक सिद्धांतों से विचलन, परोक्ष रूप से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का चरित्र हनन, बिना जनादेश के संगठन को भंग करने के प्रयास, संगठनात्मक विस्तार में बाधा, कई इकाइयों को निष्क्रिय करना और समानांतर इकाइयां बनाने के प्रयासों के आरोप लगाए गए हैं।’’