लद्दाख में 21 नवंबर को पंचायत और नगर निकाय चुनाव, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-10-2026
Panchayat and Municipal elections in Ladakh on November 21, Chief Secretary reviews preparations
Panchayat and Municipal elections in Ladakh on November 21, Chief Secretary reviews preparations

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने केंद्र शासित प्रदेश में 21 नवंबर को होने वाले पंचायत और नगर निकाय चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
लद्दाख में 193 पंचायत के लिए मतदान होगा और चुनाव प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी। लेह और कारगिल में नगर निकाय चुनाव कराए जाएंगे।
 
लद्दाख में पिछली बार पंचायत और नगर निकाय चुनाव 2018 में हुए थे और दोनों का कार्यकाल नवंबर 2023 में समाप्त हो गया था।
 
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्य सचिव कुंद्रा ने लेह में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए चुनावी तैयारियों, परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं और रसद की आवश्यकताओं की समीक्षा की।
 
उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव ने चुनाव प्रक्रिया का सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना बनाने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर दिया।
 
बैठक में पुलिस महानिदेशक आनंद जैन, ग्रामीण विकास विभाग की सचिव निधि मलिक, वित्त सचिव त्सेवांग थारचिन और मुख्य निर्वाचन अधिकारी राहुल शर्मा शामिल हुए।
 
प्रवक्ता के अनुसार, कुंद्रा ने चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के लिए संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की। इसमें नामांकन प्रक्रिया, चुनाव सामग्री और मतपेटियों की उपलब्धता, मतदान कर्मियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण तथा मतदान दलों की तैनाती का कार्यक्रम तैयार करना शामिल था।
 
उन्होंने नामांकन और शिकायतों की दैनिक निगरानी, चुनाव संबंधी रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने तथा संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
 
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सभी निर्धारित चुनाव सामग्री और मतदान किट की व्यवस्था कर उनकी समय से पहले रवानगी सुनिश्चित की जाए।