डोडला डेयरी का मुनाफा दूसरी तिमाही में 44 प्रतिशत घटकर 36.59 करोड़ रुपये पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-10-2026
Dodla Dairy's profit declined 44 percent to Rs 36.59 crore in the second quarter.
Dodla Dairy's profit declined 44 percent to Rs 36.59 crore in the second quarter.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 डोडला डेयरी लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई सितंबर) तिमाही में 44 प्रतिशत घटकर 36.59 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, इस दौरान कंपनी की आय में वृद्धि दर्ज की गई।
 
दूध की खरीद लागत बढ़ने से कंपनी का खर्च बढ़ा, जिससे मुनाफे में गिरावट आई।
 
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 65.67 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
 
डोडला डेयरी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि सितंबर तिमाही के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 1,206.96 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,030.20 करोड़ रुपये थी।
 
चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में कंपनी का शुद्ध लाभ घटकर 77.23 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान छमाही में 128.53 करोड़ रुपये था।
 
कंपनी की कुल आय पहली छमाही में बढ़कर 2,418.48 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-सितंबर छमाही में 2,053.98 करोड़ रुपये थी।
 
डोडला डेयरी के निदेशक मंडल ने भारत में मीडो इंडिया होल्डिंग्स लिमिटेड (एमआईएचएल) के साथ मिलकर संयुक्त उद्यम (जेवी) स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
 
प्रस्तावित संयुक्त उद्यम में डोडला डेयरी की 40 प्रतिशत और मीडो इंडिया होल्डिंग्स की 60 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।
 
हैदराबाद स्थित डोडला डेयरी देश की प्रमुख एकीकृत डेयरी कंपनियों में से एक है। कंपनी दूध और दुग्ध उत्पादों की खरीद, प्रसंस्करण और बिक्री करती है। कंपनी का युगांडा और केन्या में भी कारोबार है।