आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज़ को दूसरे टेस्ट मैच में बुधवार को यहां आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में लगातार आठ हार के सिलसिले को समाप्त करने के साथ दो मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली।
पहली पारी में शतक लगाने वाले अब्दुल्ला शफीक और कप्तान के रूप में दोबारा नियुक्ति के बाद अपनी पहली टेस्ट श्रृंखला खेल रहे बाबर आजम ने नाबाद 24-24 रन बनाकर पाकिस्तान को चौथे दिन दोपहर के लंच के बाद स्कोर को दो विकेट पर 77 तक पहुंचा कर टीम को जीत दिला दी।
बाबर ने वामहस्त स्पिनर जोमेल वारिकन की लगातार दो छक्के जड़कर विजयी रन पूरे किए। वारिकन ने पहली पारी में छह विकेट लेकर पाकिस्तान की बढ़त को केवल 43 रन तक सीमित कर दिया था।
श्रृंखला का पहला टेस्ट वेस्टइंडीज ने 90 रन से जीता था। दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान के स्पिनरों साजिद खान और अली उस्मान ने क्वीन्स पार्क ओवल की खुरदरी पिच का फायदा उठाते हुए शानदार गेंदबाजी की। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने वर्ष 2000 के बाद से वेस्टइंडीज के खिलाफ कोई भी टेस्ट श्रृंखला बचाने में सफल रहा।
पाकिस्तान की दूसरी पारी में इमाम-उल-हक नौ रन बनाकर जयडेन सील्स की गेंद पर स्लिप में जस्टिन ग्रीव्स के शानदार कैच का शिकार बने, जबकि अजान अवैस 18 रन पर शमार जोसेफ की गेंद पर बोल्ड हो गये। इसके बाद शफीक और बाबर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को सफलता से दूर रखा।
इससे पहले वेस्टइंडीज की दूसरी पारी 117 रन पर सिमट गई, जिससे पाकिस्तान को जीत के लिए केवल 75 रन का लक्ष्य मिला। ऑफ स्पिनर साजिद खान (32 रन पर चार विकेट) और बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान (39 रन पर चार विकेट) ने मिलकर आठ विकेट झटके।
वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग पीठ की चोट के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी नहीं कर सके। उन्हें तीसरे दिन शॉर्ट कवर से शानदार सीधे थ्रो के जरिए बाबर को रन आउट करते समय चोट लगी थी।
वेस्टइंडीज ने छह विकेट पर 106 रन से आगे खेलते हुए अपने बचे हुए विकेट जल्दी गंवा दिये।