Opposition protests in Kerala Assembly over rejection of adjournment motion on parole
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दोषी कैदियों को दी गई पैरोल पर चर्चा की मांग करने वाले स्थगन प्रस्ताव को केरल विधानसभा अध्यक्ष द्वारा खारिज किए जाने के बाद संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के विधायकों ने सोमवार को सदन के अंदर विरोध प्रदर्शन किया।
स्थगन प्रस्ताव भारतीय क्रांतिकारी मार्क्सवादी पार्टी के विधायक के के रेमा द्वारा पेश किया गया था जिन्होंने आरोप लगाया कि हाल में सजा पाए दोषियों सहित कई दोषियों को पैरोल दी गई और उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया।
हालांकि, अध्यक्ष ए एम शमसीर ने प्रस्ताव को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह मुद्दा तत्काल महत्वपूर्ण नहीं है और इसे बाद में भी सदन के पटल पर रखा जा सकता है।
विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने नोटिस की अस्वीकृति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अपराधियों को अवैध रूप से पैरोल दी जा रही है और वे जेल से बाहर निकलकर कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा कर रहे हैं।
सतीशन ने कहा कि माकपा नेता और पय्यानूर नगर पार्षद वी के निषाद को पिछले साल दिसंबर में 20 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी और उसे एक महीने बाद पैरोल दे दी गई।
आरोपों का जवाब देते हुए स्थानीय स्वशासन मंत्री एम बी राजेश ने कहा कि निषाद को आठ जनवरी को पैरोल दी गई थी, लेकिन पिछले महीने विधानसभा सत्र शुरू होने पर यह मुद्दा नहीं उठाया गया था।