Grammy win is not an individual achievement but a recognition of shared responsibility: Dalai Lama
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तिब्बत के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने पहला ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर सोमवार को कहा कि यह जीत उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि साझा वैश्विक जिम्मेदारी को मिली मान्यता है।
दलाई लामा ने लॉस एंजिलिस में आयोजित 68वें ग्रैमी अवॉर्ड में अपनी एल्बम‘मेडिटेशंस: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ऑडियोबुक, कथावाचन और किस्सागोई (स्टोरीटेलिंग) रिकॉर्डिंग श्रेणी में यह पुरस्कार जीता।
उन्होंने इस श्रेणी में कैथी गार्वर (एल्विस रॉकी एंड मी: द कैरल कॉनर्स स्टोरी), ट्रेवर नोआ (इंटू द अनकट ग्रास), केतनजी ब्राउन जैक्सन (लवली वन: ए मेमॉयर) और फैब मोरवन (यू नो इट्स ट्रू: द रियल स्टोरी ऑफ मिली वैनिली) जैसे कलाकारों को पीछे छोड़ते हुए यह पुरस्कार जीता।
दलाई लामा ने यह पुरस्कार मिलने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘मैं इस सम्मान को कृतज्ञता और विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। मैं इसे व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि हमारी साझा वैश्विक जिम्मेदारी की मान्यता के रूप में देखता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा दृढ़ विश्वास है कि शांति, करुणा, पर्यावरण की देखभाल और मानवता की एकता की समझ, सभी आठ अरब लोगों के सामूहिक कल्याण के लिए आवश्यक है।’’